लखनऊ, पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने एक अहम कार्य कर मातृभाषा का सम्मान बढ़ने का कार्य किया है। जिसकी हर ओर तारीफ हो रही है।
पंजाबी भाषा को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार की मुहिम का समर्थन करते हुये पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अपनी वर्दी से अंग्रेजी भाषा की नेमटेप हटा दी है और पंजाबी भाषा में लिखा नाम बैज लगा दिया है। डीजीपी ने कहा कि पंजाबी भाषा को बढ़ावा देना उनके लिए सम्मान की बात है। वह इसे लगाकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। डीजीपी गौरव यादव यूपी के रहने वाले हैं।
हालांकि, पुलिस विभाग ने अभी तक इस बारे में आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया है लेकिन उम्मीद है कि अब पंजाब पुलिस भी पंजाबी भाषा में नेमटेप लगा सकती है। पंजाबी भाषा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंजाब के सभी विभागों को सरकार ने आदेश दिया है।
सीएम भगवंत मान की सरकार ने हाल ही में पंजाब में मंडी बोर्ड, निगम, परिषद, सरकारी कार्यालय, पुलिस थाना, तहसील और अन्य सभी प्रकार के सरकारी भवनों पर पंजाबी भाषा में लिखे साइनबोर्ड लगाने का आदेश जारी किया था। ये आदेश पंजाब में निजी भवनों और निजी कार्यालयों के लिए भी अनिवार्य हैं। पंजाब सरकार ने ऐसा करने के लिए 21 फरवरी तक का आखिरी अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद सरकार के आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।